आईपीएल 2026 के आगाज का काउंटडाउन शुरू हो गया है। 28 मार्च को लीग का पहला मुकाबला खेला जाएगा। हालांकि, इससे पहले कोलकाता नाइट राइडर्स को बड़ा झटका लगा है। टीम के युवा तेज गेंदबाज हर्षित राणा घुटने की सर्जरी के कारण टूर्नामेंट के बड़े हिस्से से बाहर रह सकते हैं। ईएसपीएन क्रिकइन्फो के मुताबिक, राणा ने फरवरी में घुटने की सर्जरी कराई थी और फिलहाल वह पुनर्वास (रिहैब) की प्रक्रिया से गुजर रहे हैं।बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी फिटनेस पर नजर रखे हुए है, लेकिन अभी तक उनकी वापसी की कोई तय तारीख सामने नहीं आई है। वहीं, दूसरी तरफ स्टार बल्लेबाज और पूर्व कप्तान रोहित शर्मा मंगलवार को मुंबई इंडियंस के स्क्वॉड से जुड़ गए हैं। मुंबई इंडियंस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो शेयर कर इसकी जानकारी दी है। सोशल मीडिया पोस्ट में एमआई ने बताया कि हिटमैन नए सीजन से पहले टीम में शामिल हो रहे हैं! 
 
टी20 विश्व कप से भी हो चुके हैं बाहर

अगर वह पूरे टूर्नामेंट से बाहर रहते हैं, तो यह लगातार दूसरा बड़ा टूर्नामेंट होगा जिसे वह चोट के कारण नहीं खेल पाएंगे।हर्षित राणा को यह चोट भारत के टी20 विश्व कप के वॉर्म-अप मैच के दौरान लगी थी। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले गए उस अभ्यास मुकाबले में उन्होंने सिर्फ एक ओवर फेंका था, जिसके बाद उन्हें घुटने में परेशानी महसूस हुई। जांच में उनके दाहिने घुटने के लिगामेंट में खिंचाव पाया गया, जिसके बाद उन्हें टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा। उनकी जगह टीम में मोहम्मद सिराज को शामिल किया गया था। हालांकि सिराज को पूरे टूर्नामेंट में केवल भारत के पहले मैच में ही खेलने का मौका मिला था।

बीसीसीआई अवॉर्ड्स में मिला सम्मान

चोट के बावजूद हर्षित राणा के लिए हाल ही में एक बड़ी उपलब्धि भी सामने आई। उन्हें बीसीसीआई अवॉर्ड्स में ‘बेस्ट इंटरनेशनल डेब्यूटेंट’ का सम्मान दिया गया। यह पुरस्कार उनके शानदार अंतरराष्ट्रीय पदार्पण को देखते हुए दिया गया, जिसने उन्हें भारतीय तेज गेंदबाजी के उभरते सितारों में शामिल कर दिया है।

मुस्तफिजुर रहमान भी टीम से बाहर

केकेआर की मुश्किलें केवल राणा की चोट तक सीमित नहीं हैं। टीम के पास इस सीजन में बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान भी उपलब्ध नहीं होंगे। भारत और बांग्लादेश के बीच हाल के महीनों में तनावपूर्ण भू-राजनीतिक परिस्थितियों के कारण बीसीसीआई ने केकेआर को मुस्तफिजुर को रिलीज करने का निर्देश दिया था। हालांकि फ्रेंचाइजी को उनकी जगह खिलाड़ी लेने की अनुमति मिली और टीम ने जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी को अपने साथ जोड़ा है। इसके लिए मुझराबानी ने पाकिस्तान सुपर लीग में इस्लामाबाद यूनाइटेड के साथ अपना करार भी छोड़ दिया।

तेज गेंदबाजी आक्रमण में ये विकल्प

इन चुनौतियों के बावजूद केकेआर के पास तेज गेंदबाजी के कई विकल्प मौजूद हैं। टीम के मौजूदा तेज गेंदबाजों में मथीशा पथिराना, वैभव अरोड़ा, आकाश दीप, उमरान मलिक और कार्तिक त्यागी जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। इसके अलावा ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन और रमनदीप सिंह भी गेंदबाजी में योगदान दे सकते हैं। हालांकि टीम के लिए चिंता की एक और वजह यह रही कि पथिराना भी टी20 विश्व कप के दौरान पिंडली की चोट के कारण बाहर हो गए थे, लेकिन उस समय उम्मीद जताई गई थी कि उनका आईपीएल खेलना खतरे में नहीं होगा।

29 मार्च को पहला मुकाबला

आईपीएल 2026 में केकेआर अपना पहला मैच 29 मार्च को खेलेगी। टीम का मुकाबला वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस के खिलाफ होगा। इसके बाद कोलकाता नाइट राइडर्स अपने घरेलू मैदान पर सनराइजर्स हैदराबाद, पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ शाम के मुकाबले खेलेगी। हर्षित राणा की अनुपस्थिति में टीम के गेंदबाजी संयोजन पर खास नजर रहेगी, क्योंकि आईपीएल जैसे लंबे और चुनौतीपूर्ण टूर्नामेंट में तेज गेंदबाजों की भूमिका बेहद अहम होती है।

रोहित स्क्वॉड से जुड़े

सोमवार को मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा का एक और वीडियो जारी कर कहा था कि मुंबई का बादशाह आ चुका है। मुंबई इंडियंस के लिए रोहित शर्मा काफी लंबे वक्त से खेल रहे हैं। रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस पांच बार आईपीएल चैंपियन बन चुकी है। आईपीएल में रोहित शर्मा के पास काफी अनुभव है, जिसका फायदा एमआई को मिलता है। मुंबई इंडियंस ने रोहित शर्मा को आईपीएल 2026 के लिए 16.30 करोड़ रुपए में रिटेन किया है।रोहित शर्मा के आईपीएल करियर की बात करें तो हिटमैन अब तक 272 मुकाबले खेल चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 29.73 की औसत से 47 अर्धशतक और दो शतक जड़े हैं। आईपीएल में रोहित शर्मा का नाबाद 109 रन बेस्ट स्कोर है। रोहित ने इस लीग में 302 छक्के जड़े हैं।

आईपीएल 2026 के लिए मुंबई इंडियंस ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। मुंबई इंडियंस के खेमे में शामिल होकर शार्दुल ठाकुर, मयंक मार्कंडेय, अल्लाह गजांफर, नमन धीर, राजा अंगद बावा, रॉबिन मिंज, रघु शर्मा, मयंक रावत, दानिश मालेवार, मोहम्मद इजहार और अश्वनी कुमार ने अभ्यास शुरू कर दिया है। अब रोहित शर्मा भी मुंबई इंडियंस के खेमे में अभ्यास करते हुए नजर आएंगे।