लखनऊ: उत्तर प्रदेश में अक्टूबर महीने के जैसे-जैसे कट रहे हैं, वैसे-वैसे मौसम का मिजाज बदलता जा रहा है। बीते कुछ दिनों से रात में अचानक मौसम बदलने से हल्की ठंड शुरू हो गई थी, लेकिन फिर से रात में गर्मी शुरू हो गई है। दिन में तेज धूप निकलने से भी आम जनता को गर्मी का सितम झेलना पड़ रहा है। उधर हर दिन बदल रहे मौसम की वजह से लोग तेजी से बीमार पड़ रहे हैं। बच्चे और बुजुर्ग लोगों को इस मौसम में ज्यादा बचाव करने की जरूरत है।

22 अक्टूबर को बारिश का अलर्ट जारी होने के बाद अब 23 अक्टूबर को मौसम फिर से साफ बना रह सकता है। गुरुवार को पश्चिमी और पूर्वी यूपी में मौसम शुष्क रह सकता है। इसी तरह 24 और 25 अक्टूबर को भी प्रदेश में मौसम शुष्क रह सकता है। हालांकि इस दौरान प्रदेश में मौसम को लेकर किसी तरह का कोई अलर्ट नहीं जारी हुआ है। इसी क्रम में 26, 27 और 28 अक्टूबर को भी प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्से में मौसम शुष्क रह सकता है।

तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट

मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश में आगामी तीन दिनों के दौरान मौसम में हल्का परिवर्तन देखने को मिलेगा। उन्होंने बताया कि न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। वर्तमान में मध्य क्षोभमंडल में पश्चिमी विक्षोभ की अनुकूल स्थिति, प्रदेश के आस-पास दो चक्रवाती परिसंचरणों का सक्रिय होना तथा सतही स्तर पर पुरवा हवाओं का प्रभाव रहने से पिछले कुछ दिनों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई थी। इसके चलते न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर पहुंच गया था।

हालांकि अब इन मौसम तंत्रों का प्रभाव समाप्त होने के साथ ही आसमान से बादल छंटने लगेंगे। परिणामस्वरूप, अगले तीन दिनों में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। वहीं, अधिकतम तापमान में किसी विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है। मौसम विभाग का अनुमान है कि तापमान में इस कमी के कारण प्रदेश के कुछ हिस्सों में सुबह के समय हल्का कुहासा या धुंध देखने को मिल सकता है। इसके साथ ही ठंड की शुरुआती दस्तक भी महसूस की जा सकेगी।